बछवाड़ा (बेगूसराय)
बछवाड़ा रेलवे टमटम स्टैड में महिला रेल यात्री के साथ छेड़खानी कर रहे नशे में धुत आरपीएफ सिपाही की गुरुवार की रात स्थानीय लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। पिटाई से सिपाही बुरी तरह जख्मी हो गया। लोगों की भीड़ छंटने के बाद उसके साथी उसे उठा ले गये।
घटना के बारे में बताया गया कि गुरुवार की रात एक नवदंपति ट्रेन से उतरकर समसा जाने हेतु तांगा पकड़े। तांगे पर मात्र दो सवारी होने के कारण तांगा चालक अन्य यात्रियों के इंतजार में रुका रहा। इसी बीच नशे में धुत आरपीएफ सिपाही राज कुमार शर्मा हाफ पैंट व बनियान पहने वहां पहुंच गया। तांगा पर नवदंपति को देख सिपाही की नियत खराब हो गई। उसने महिला के साथ छेड़खानी करना शुरू कर दी। विरोध करने पर महिला के पति की पिटाई भी कर दी।
यह खबर स्टेशन से कुछ ही दूर बैंक बाजार पहुंच गई। जहां से संगठित होकर स्थानीय लोग स्टैड पहुंच गये। तभी लोकल ट्रेन भी स्टेशन पर आ गई जिससे भारी मात्रा में यात्री तांगा पकड़ने पहुंचे। महिला के साथ छेड़खानी करते देख स्थानीय लोग व यात्री आक्रोशित होकर सिपाही पर टूट पड़े व जमकर पिटाई की। ज्ञात हो कि इससे पूर्व भी महिला के साथ छेड़खानी कर रहे एक आरपीएफ हवलदार की लोगों ने जमकर पिटाई कर लोकल थाने के हवाले कर दिया था। आये दिन स्टेशन परिसर में रक्षक के रूप में तैनात सिपाही ही महिलाओं के साथ भक्षक का कार्य कर रहे है। सिपाही की इस करतूत से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है।


No comments:
Post a Comment