Oct 07, 02:06 am
बछवाड़ा (बेगूसराय)। बछवाड़ा थाना क्षेत्र के झमटिया भगवानपुर दियारे में सोमवार तड़के पुलिस व अपराधियों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में दोनों तरफ से करीब 60-70 चक्र से ज्यादा गोलियां चलीं। इस अभियान में बछवाड़ा पुलिस ने चार अंतर जिला अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना स्थल से पुलिस ने एक मास्केट, दो बड़ी व एक छोटी पिस्तौल समेत आठ चक्र कारतूस, दो खोखा तथा एक चार्जर बरामद किया है।
गिरफ्तार अपराधियों में समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर प्रखंड प्रमुख विरेन्द्र सिंह की हत्या के नामजद अभियुक्त समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना के देसरी निवासी मिथिलेश साह, बछवाड़ा प्रखंड पंचायत समिति सदस्य दिलीप पटेल की हत्या कांड के नामजद अभियुक्त बछवाड़ा टारा निवासी उमेश यादव के साथ ही बछवाड़ा, तेघड़ा, फुलबरिया एवं समस्तीपुर टाउन थाना में हत्या, अपहरण, रंगदारी के आठ मामले के अभियुक्त भगवानपुर दियारा निवासी सुबोध यादव एवं भगवानपुर थाना अंतर्गत हत्या व डकैती के अभियुक्त हादीपुर निवासी रामसगुन पासवान शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक घटना दो अलग-अलग जगहों पर घटी। रविवार रात उमेश यादव, सुबोध यादव व मिथिलेश साह ने एनएच 28 रानी गांव स्थित रिमझिम लाइन होटल पर जमकर शराब पी व मोबाइल से किसी को हथियार लेकर पहुंचने का निर्देश दिया। तभी पैसे के लेन देन को लेकर अपराधियों की नोक झोंक होटल मालिक से हो गई। अपराधियों ने होटल परिसर में अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर सामान को तितर-बितर कर दिया। पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस, तीनों अपराधियों को आग्नेयास्त्र के साथ गिरफ्तार कर थाना ले आयी।
पूछताछ पर सुबोध यादव ने बताया कि भगवानपुर दियारा में जलकर विवाद को लेकर चिड़ैयाटोक दियारा निवासी टेकन यादव व भगवानपुर दियारा निवासी विन्देश्वरी यादव के बीच आज रात मुठभेड़ होने वाली है। मुठभेड़ की सूचना पाते ही थानाध्यक्ष अशोक सिंह, सअनि नित्यानंद शर्मा, सैफ जवानों के साथ कूच कर गए। ठिकाने पर पहुंचते ही बिन्देश्वर यादव गिरोह की ओर से दुर्गा माता के जयकारे के साथ पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी गई। शायद उसे लगा कि टेकन यादव का गिरोह हमला करने पहुंच गया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाना शुरू कर दी। दोनों तरफ से 60-70 चक्र से अधिक गोलियां चली। जब अपराधी गिरोह की गोलियां समाप्त हो गयीं तो वे नदी में छलांग मारकर भागना शुरू कर दिये। इसी दरम्यान राम सगुन पासवान को पुलिस ने धर दबोचा।
गिरफ्तार मिथिलेश साह प्रमुख वीरेन्द्र सिंह की हत्या के अलावा भगवानपुर थानान्तर्गत संजात गांव में डकैती, हाडीचक निवासी व सीमेंट, खाद व्यवसायी शिवशंकर महतो की हत्या का भी अभियुक्त है। सुबोध यादव पर बछवाड़ा थाना में भगवानपुर दियारा निवासी शंकर साह, गोकुल यादव की हत्या, तेघड़ा थाना अंतर्गत रामप्रीत राय की हत्या, फुलबड़िया थाना कांड संख्या 45, 46, 47/05 में रंगदारी, हत्या का प्रयास, अपहरण का मामला दर्ज सहित समस्तीपुर टाउन थाना अंतर्गत अखिलेश राय, फन्नू यादव पर गोली चलाने का मामला दर्ज है।


No comments:
Post a Comment