Monday, October 13, 2008

दोहरे हत्याकांड का अभियुक्त गिरफ्तार.


Oct 12, 08:23 pm

बछवाड़ा (बेगूसराय)

बछवाड़ा पुलिस ने लगातार उपलब्धि हासिल करते हुए रविवार को सिंघौल थाना क्षेत्र के महारथपुर गांव निवासी भाजपा नेता रामसागर सिंह के दोनों पुत्र के हत्या के आरोपी संजय सिंह उर्फ लप्पी को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। लप्पी मुफस्सिल थाना कांड संख्या 208/06 व 284/07 का आरोपित है। इससे पूर्व बछवाड़ा पुलिस ने बेगूसराय समस्तीपुर जिले का तीन दुर्दात अपराधी को गिरफ्तार कर चुकी है।

ज्ञात हो कि वर्ष 2006 में महारथपुर निवासी भाजपा नेता रामसागर सिंह के बड़े पुत्र ओम प्रकाश उर्फ रामनिवास सिंह व वर्ष 07 में सत्यप्रताप सिंह की हत्या गोली मार कर कर दी गई थी। इस हत्याकांड के दो अभियुक्त बमबमियां को गोधना गांव में एवं बुलुआ को विभूतिपुर थाने से बछवाड़ा थानाध्यक्ष अशोक सिंह ने गिरफ्तार किया था। शनिवार की सुबह थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि उक्त हत्याकांड का अभियुक्त लप्पी बछवाड़ा स्टेशन के समीप घूम रहा है। सूचना पाते ही सादे लिबास में पहुंची पुलिस ने लप्पी को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद लप्पी ने पुलिस के समक्ष महारथपुर के सरपंच शिवशंकर सिंह की हत्या की योजना बनाने की भी बात कबूली। लप्पी के दहशत से आज भी महारथपुर के लोग सहमे हुए हैं। ज्ञात हो कि महारथपुर के दोनों सगे भाईयों के हत्याकांड का तीनों अभियुक्त बछवाड़ा थाना अंतर्गत ही गिरफ्तार किया गया।

No comments: