Wednesday, September 3, 2008

मजदूरी की मांग को लेकर नरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी को घंटों बंधक बनाए रखा।

Sep 01, 08:07 pm

बछवाड़ा (बेगूसराय) प्रखंड साक्षरता कार्यालय पर सोमवार को रानी एक पंचायत सैकड़ों महिला-पुरुष मजदूरों ने बकाए मजदूरी की मांग को लेकर नरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी राजीव कुमार को घंटों बंधक बनाए रखा। मजदूरों को बकाए मजदूरी की मांग के लिए जागरूक करने का काम साक्षरता सचिव श्रीराम राय, अवधेश कुमार व कामिनी कुमारी ने किया। कार्यक्रम पदाधिकारी ने मजदूरों द्वारा किये गए कार्यदिवस से अधिक कार्य दिवस को जाब कार्ड पर दर्शाने को अपराध की संज्ञा देते हुए इसमें सुधार करवाने का एक मौका मजदूरों से मांगा।

ज्ञात हो कि बछवाड़ा थाना परिसर में नरेगा के तहत ग्राम पंचायत रानी के द्वारा मिट्टी भराई का काम किया गया। जिसमें मजदूरों ने काम किया सात दिन परंतु जाब कार्ड पर कुल कार्य दिवस 13 दिन दिखाकर 1066 रुपया भुगतान चढ़ा दिया गया है। जबकि मजदूरों द्वारा किये गए सात दिन में किसी का एक दिन तो किसी का दो दिन की मजदूरी बकाया रह गया। दो माह बाद मजदूरों ने साक्षरता कार्यालय पहुंचकर इसकी शिकायत की। साक्षरता कर्मियों ने मजदूरों को मजदूरी भुगतान कराने में पहल की। कार्यक्रम पदाधिकारी राजीव कुमार ने मजदूरों को तीन दिन के अंदर बकाए मजदूरी का भुगतान व जाब कार्ड पर दर्शाए गए कार्य दिवस में सुधार की गारंटी दी। तब जाकर मजदूरों ने कार्यक्रम पदाधिकारी को मुक्त किया।

No comments: