राशन कूपन से बंचित महिलाओं ने प्रखंड कार्यालय को घेरा.बी डी ओ को खदेरा.
बछवाड़ा (बेगूसराय)
बीपीएल सूची में त्रुटि उपजे बवाल को लेकर विगत एक सप्ताह से प्रखंड सह अंचल कार्यालय का कामकाज ठप है। मंगलवार को परम्परागत अस्त्रों से लैस सैकड़ों महिला-पुरुषों ने घेराव कर बीडीओ मुकेश कुमार को कार्यालय में प्रवेश करने नहीं दिया। नतीजतन उन्हे बैरंग लौटना पड़ा। महिलाएं पारिवारिक सूची में नाम डालने, गरीबों को राशन कूपन देने की मांग कर रही थीं। इससे पूर्व सोमवार को भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के दरम्यान रूपसवाज गांव की महिलाओं ने एसडीओ को घेरकर राशन कूपन वितरण की मांग की थी।
प्रखंड कार्यालय से बेदखल बीडीओ ने एसडीओ रविकांत तिवारी को मोबाइल पर मामले से अवगत कराया। एसडीओ ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। परंतु, एसडीओ को देखते ही लोगों में आक्रोश फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने जमकर सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक गरीबों को राशन किरासन की व्यवस्था सरकार नहीं करेगी, तब तक प्रखंड कार्यालय में तालाबंदी जारी रहेगी। मामले की गंभीरता को देख पूर्व विधायक अवधेश राय, माकपा नेता उमेश कुंवर कवि, पूर्व मुखिया अनिल सिंह, जिप सदस्या प्रमिला कुमारी ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर एसडीओ की बात सुनने को राजी किया। एसडीओ श्री तिवारी ने ग्रामीण चौपाल कार्यक्रम की तहत क्षेत्रीय भाषा में प्रदर्शनकारियों को कहा कि मानवीय व तकनीकी गलती के कारण पारिवारिक सूची में लोगों का नाम छूट गया है। जिसे डेढ़ महीने के अंदर सुधार कर सभी पंचायतों के गरीबों को राशन किरासन कूपन उपलब्ध कराया जाएगा। पारिवारिक सूची से वंचित लोगों के लिए अगस्त माह से ही किरासन तेल की व्यवस्था कराने की बात भी उन्होंने कही। इसके बाद पिछले एक सप्ताह से जारी आन्दोलन को समाप्त किये जाने की घोषणा की गयी।


No comments:
Post a Comment