Thursday, August 21, 2008

बाढ़ का कहर : तीन पंचायतें बनीं टापू, पूर्व सांसद ने किया निरीक्षण

Aug 18, 09:04 pm

बछवाड़ा (बेगूसराय) गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से प्रखंड क्षेत्र के दादुपुर, विशनुपुर व चमथा तीन पंचायतें टापू में तब्दील हो चुकी है। नारेपुर दियारा, श्रवण टोल, भगवानपुर, गुफ्फा टोला, समसीपुर, लोदियाही, जमाइन कात, चमथा बालू पर एवं गोपालपुर के सैकड़ों लोगों के घरों में पानी प्रवेश कर चुका है। पशु चारे की किल्लत को लेकर लोग पशुओं को लेकर पलायन कर चुके हैं। दियारा वासियों के समक्ष सबसे बड़ी समस्या आवागमन के लिए नाव व स्वास्थ्य की है। सरकारी स्तर पर अब तक कोई व्यवस्था नहीं हो पायी है। लोगों में नाव के लिए त्राहिमाम मचा हुआ है। सोमवार को भाकपा नेता पूर्व सांसद शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, भूतपूर्व विधायक अवधेश राय, अंचल मंत्री रामलखन सिंह, एसडीओ रविकांत तिवारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। दादुपुर पुल का सम्पर्क पथ नदी में विलीन हो जाने से बेगूसराय समस्तीपुर जिले के दर्जनों गांवों के लोग टापू पर जीवन बसर करने को विवश हैं। एसडीओ श्री तिवारी ने झमटिया, सूरो दादुपुर जैसे प्रमुख घाटों पर दो-दो नाव चलवाने का आदेश बीडीओ को दिया। श्री तिवारी ने नाव उपलब्ध कराने हेतु जन प्रतिनिधियों के सहयोग की अपील की। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के उपरांत पूर्व सांसद श्री सिंह ने बताया कि दियारा क्षेत्र में गरीबों की झुग्गी-झोपड़ी डूब चुकी है। लोग ऊंचे स्थान पर पलायन कर चुके हैं। स्वास्थ्य की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। लोग प्राइवेट नाव पर मनमाफिक किराया देकर आते-जाते हैं। उन्होंने झमटिया, सूरो, दादुपुर घाट सहित चिड़ैयाटोक, गोपालपुर, चक्की, बालू पर, श्रवणटोल, भगवानपुर, दादुपुर आदि जगहों पर स्वास्थ्य केन्द्र खोलने सहित बाढ़ राहत कार्य प्रारंभ कराने की मांग जिलाधिकारी से की।

2 comments:

Sulabh Jaiswal "सुलभ" said...

बाढ़ पर ताज़ा सूचना देने के लिए शुक्रिया !!

शोभा said...

अच्छा लिखा है। स्वागत है आपका।